अपना पांढुर्णा न्यूज़ संवाददाता – गौरव बारमासे, पांढुर्णा
आपके आसपास की क्षेत्रीय खबरें एवं विज्ञापन प्रकाशित करवाने हेतु संपर्क करें।
📞 7805967270
पांढुर्णा। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) पांढुर्णा में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर पंजाब सेवा समिति पांढुर्णा द्वारा हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दो दिवसीय विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 23 नवंबर को शाम 4:30 बजे गुरु नानक वार्ड स्थित गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाह पेट्रोल पंप, शंकर नगर के पास से शिवाजी चौक और पुलिस थाने के सामने से गुजरकर पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचा। नगर कीर्तन का समापन शाम लगभग 7:30 बजे हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज की वाणी और कीर्तन के माध्यम से भक्ति एवं श्रद्धा का संदेश दिया।
24 नवंबर को अखंड पाठ साहिब की समाप्ति, होगा गुरु का अटूट लंगर
गुरुपर्व के मुख्य अवसर पर 24 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ साहिब की समाप्ति दोपहर 12 बजे होगी। इसके पश्चात गुरु महाराज की अरदास की जाएगी और फिर गुरु का अटूट लंगर प्रारंभ होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
मानवता, समानता और सेवा का संदेश देते हैं गुरु नानक देव जी
गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, भाईचारे, समानता और मानवता की सेवा का मार्ग दिखाया। उनकी प्रमुख शिक्षाएं हैं – नाम जपो, किरत करो और वंड छको। अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी एवं मेहनत से आजीविका कमाओ और अपनी कमाई एवं खुशियां दूसरों के साथ बांटो।
गुरु साहिब ने जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान मानने तथा जरूरतमंदों की सेवा करने का संदेश दिया। उनका संदेश आज भी समाज को एकता, सद्भाव और इंसानियत के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
पंजाब सेवा समिति ने नगरवासियों से की शामिल होने की अपील
पंजाब सेवा समिति पांढुर्णा द्वारा नगर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकार बंधुओं, कर्मचारियों एवं समस्त समाज के सदस्यों से आग्रह किया गया है कि वे गुरुपर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा गुरु के अटूट लंगर में प्रसाद ग्रहण करें।
समिति ने समस्त नगरवासियों से धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनकर गुरु नानक देव जी के प्रेम, शांति, भाईचारे और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।








